
- खेप की सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जा रही हुंडई आई-20 कार भी जब्त
चंडीगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने अवैध हथियारों और विस्फोटक पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके तीन गुर्गों को अमृतसर में गिरफ्तार किया है। इनके पास से छह हैंड ग्रेनेड और 12 आधुनिक पिस्तौलें बरामद हुईं हैं। पुलिस ने इनकी हुंडई आई-20 कार भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल वे इस खेप की सप्लाई के लिए कर रहे थे।
पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार काे बताया कि अमृतसर के गांव कक्कड़ के रहने वाले चिंटू, जोबनप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को पकड़ा गया है। इनसे बरामद की गई पिस्तौलों में आठ .30 बोर और चार 9 एम.एम. पिस्तौलें तथा नौ जिंदा कारतूस हैं। पुलिस टीम ने इनकी हुंडई आई-20 कार (पीबी-13-5454) को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वे इस खेप की सप्लाई के लिए कर रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार ये गुर्गे आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के गुर्गों की शह पर एक विदेशी तस्कर के इशारे पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपित सीमावर्ती राज्य पंजाब के विभिन्न शहरों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को भंग करने के इरादे से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को ठोस सूचना मिली थी कि चिंटू, जोबनप्रीत सिंह और गुरप्रीत उर्फ गोपी ने हाल ही में अपने हैंडलरों के निर्देशों पर अजनाला क्षेत्र से विस्फोटकों, हथियारों और गोला-बारूद की एक बड़ी खेप हासिल की है और वे इस खेप को भारतमाला बाईपास हाईवे पर बने अंडरपास के पास अमृतसर-चोगांवां रोड पर अपने अन्य साथियों को सौंपने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर क्षेत्र में नाका लगाकर एक आई-20 कार को रोका, जिसमें उपरोक्त तीनों बैठे थे।
उन्होंने आगे बताया कि तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छह हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौलें बरामद हुईं। डीजीपी ने कहा कि आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए इस मामले की कई पहलुओं से बारीकी से जांच की जा रही है। इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा