फीफा विश्व कप: पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को हराकर स्विट्जरलैंड क्वार्टर फाइनल में

08 Jul 2026 07:37:53
मैच जीतने के बाद खुशी मनाते स्विट्जरलैंड के खिलाड़ी


स्विट्जरलैंड ने 72 साल बाद अंतिम-8 में बनाई जगह

वैंकूवर, 08 जुलाई (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड ने मंगलवार को रोमांचक मुकाबले में कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली।

निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त 30 मिनट का खेल गोलरहित बराबरी पर समाप्त होने के बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।

पेनल्टी शूटआउट में स्विट्जरलैंड के गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल ने कुचो हर्नांडेज़ की पेनल्टी रोककर टीम की जीत की नींव रखी। इससे पहले कोलंबिया के डेविंसन सांचेज़ की पेनल्टी क्रॉसबार से टकरा गई थी। स्विट्जरलैंड के मैनुएल अकांजी अपनी पेनल्टी चूक गए, लेकिन रुबेन वर्गास ने निर्णायक किक को गोल में बदलते हुए टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी।

इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ने 1954 के बाद पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब उसका सामना गत चैंपियन अर्जेंटीना से होगा।

वहीं, कोलंबिया का दूसरी बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। इससे पहले उसने 2014 विश्व कप में अंतिम आठ में जगह बनाई थी, लेकिन इस बार पेनल्टी शूटआउट में मिली हार के साथ उसका अभियान समाप्त हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0