ट्रंप बोले- नाटो देशों ने माना मेरा नेतृत्व, रक्षा खर्च 5% तक बढ़ाने पर सहमति

08 Jul 2026 23:09:53
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तुर्किये के अंकारा में NATO शिखर सम्मेलन के दौरान मीडिया कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए....


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तुर्किये के अंकारा में NATO शिखर सम्मेलन के दौरान मीडिया कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए....


- अंकारा में ट्रंप का आत्मविश्वास, बोले- ‘दुनिया अमेरिका के साथ खड़ी है’

अंकारा, 08 जुलाई (हि.स.)। नाटो शिखर सम्मेलन के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकार वार्ता में दावा किया कि सदस्य देशों के नेताओं ने उनकी नेतृत्व क्षमता और रक्षा खर्च बढ़ाने के प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बैठक में जबरदस्त एकता और सहयोग का माहौल था तथा सभी देश रक्षा बजट बढ़ाने के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

ट्रंप ने कहा, वे मेरे काम को पसंद करते हैं। उन्होंने मुझसे कहा, 'सर, हम आपसे प्यार करते हैं।' ये कोई बच्चे नहीं, बल्कि बड़े और जिम्मेदार नेता हैं। उन्होंने दावा किया कि नाटो देशों ने रक्षा खर्च को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 5 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य का समर्थन किया है। उनके अनुसार इससे अमेरिका को भी लाभ होगा क्योंकि कई देश अमेरिकी रक्षा उपकरण और हथियार खरीदेंगे।

नाटो में दिखी 'जबरदस्त एकता'

ट्रंप ने कहा कि बैठक में बेहद प्रेम और एकजुटता का माहौल था। उन्होंने सहयोगी देशों के नेताओं को बेहद समझदार और नेक इरादों वाले लोग बताते हुए कहा कि वे पहले की तुलना में अब अधिक सहयोगात्मक रवैया अपना रहे हैं।

ईरान पर फिर दी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी

ईरान पर ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो अमेरिका काम पूरी तरह खत्म कर सकता है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें ईरानी नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा और संघर्ष दोबारा बढ़ने की स्थिति में अमेरिका त्वरित कार्रवाई करेगा।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की अधिकांश वायु रक्षा क्षमता नष्ट हो चुकी है, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि सुरक्षा जोखिम पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी ईरान के संभावित निशाने पर हैं।

तेल बाजार पर जताया भरोसा

पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद ट्रंप ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही फिर शुरू होने से बाजार पर दबाव कम होगा।

टिकटॉक और राजनीतिक विरोधियों पर टिप्पणी

पत्रकार वार्ता के दौरान ट्रंप ने स्वयं को टिकटॉक पर बेहद लोकप्रिय बताया, हालांकि उन्होंने कोई आंकड़ा प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने अमेरिका के वामपंथी नेताओं और कुछ यूरोपीय राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधते हुए उन्हें कम्युनिस्ट विचारधारा का समर्थक बताया।

विशेष विमान बदलने पर दिया अस्पष्ट जवाब

तुर्किये की यात्रा के लिए इस्तेमाल किए गए नए राष्ट्रपति विमान की जगह वापसी में पुराने एयर फोर्स वन से लौटने के फैसले पर पूछे गए सवाल का ट्रंप ने सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि ईरान की ओर से उन्हें सबसे बड़ा निशाना माना जाता है, इसलिए सुरक्षा हमेशा प्राथमिकता रहती है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0