ट्रंप बोले- दक्षिणी लेबनान से सेना हटा सकता है इजराइल, समझौते के सफल होने का जताया भरोसा

युगवार्ता    08-Jul-2026
Total Views |

अंकारा, 08 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि इजराइल दक्षिणी लेबनान से अपनी सेना वापस बुला सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत हुई है और दोनों देशों के बीच हुए सुरक्षा समझौते के सफल होने की उम्मीद है।

नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, मुझे लगता है कि इजराइल अपनी सेना वापस बुलाएगा। मेरा मानना है कि वह ऐसा करना चाहता है। इजराइल और लेबनान के बीच एक समझौता हुआ है। वे वहां से निकलेंगे और मुझे लगता है कि यह समझौता बहुत अच्छी तरह काम करेगा।

हालांकि ट्रंप के इस बयान से पहले प्रधानमंत्री नेतन्याहू अलग रुख जता चुके हैं। पिछले सप्ताह दक्षिणी लेबनान में इजराइली सेना के नियंत्रण वाले क्षेत्र का दौरा करते हुए उन्होंने कहा था कि जब तक ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह से खतरा बना रहेगा, तब तक इजराइल दक्षिणी लेबनान से अपनी सेना नहीं हटाएगा।

उल्लेखनीय है कि 26 जून को अमेरिका की मध्यस्थता में इजराइल और लेबनान के बीच एक सुरक्षा समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत इजराइल दक्षिणी लेबनान के दो क्षेत्रों का नियंत्रण लेबनानी सेना को सौंपने पर सहमत हुआ है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags