धर्मेंद्र को याद कर फिर भावुक हुईं हेमा मालिनी

09 Jul 2026 15:10:53
धर्मेंद्र, हेमा मालिनी - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने पति और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए भावुक यादें शेयर की हैं। फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 वर्ष पूरे होने से पहले दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने धर्मेंद्र के संघर्ष, सफलता और परिवार के प्रति उनके समर्पण को याद किया। हेमा ने कहा कि पंजाब के एक छोटे से गांव से निकलकर धर्मेंद्र ने अपने दम पर देश के सबसे लोकप्रिय सितारों में जगह बनाई और आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।

हेमा ने पद्म भूषण सम्मान समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि वह पल उनके लिए बेहद भावुक था। उन्होंने बताया कि जब वह मंच पर सम्मान ग्रहण करने जा रही थीं, तब उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो धर्मेंद्र उनके पीछे खड़े होकर उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दे रहे हों। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र परिवार को हमेशा एकजुट रखने में विश्वास करते थे और अपने सभी बच्चों, पोते-पोतियों तथा नाती-नातिनों से समान स्नेह रखते थे।

धर्मेंद्र के प्रति अपना प्रेम व्यक्त करते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि उन्होंने जीवन में वह सब हासिल किया, जिसका हर कलाकार सपना देखता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के एक साधारण परिवार से निकलकर धर्मेंद्र ने देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। हेमा ने भावुक होते हुए कहा कि पूरा देश उनसे प्यार करता था और यह उनके लिए गर्व की बात है कि धर्मेंद्र ने उन्हें अपने जीवनसाथी के रूप में चुना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0