खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के तहत 25 जुलाई को धर्मशाला में होंगे एथलेटिक्स के ट्रायल्स

09 Jul 2026 18:06:56

धर्मशाला, 09 जुलाई (हि.स.)। जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय, धर्मशाला द्वारा संचालित खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर (एथलेटिक्स) के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु 25 जुलाई को धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक पर ट्रायल आयोजित किया जाएगा। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, कांगड़ा ने बताया कि ट्रायल में 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया में 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला कांगड़ा के पात्र खिलाड़ियों को भी वरीयता प्रदान की जाएगी। अंतिम चयन खेलो इंडिया योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता एवं खेल कौशल के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।

चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्म तिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र यदि उपलब्ध हो तथा दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के अंतर्गत निःशुल्क खेल प्रशिक्षण (कोचिंग), स्पोर्ट्स किट तथा खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि आवास, भोजन, डाइट तथा अन्य व्यक्तिगत अथवा दैनिक व्यय विभाग द्वारा वहन नहीं किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Powered By Sangraha 9.0