ईरानी नेता अली खामेनेई का पार्थिव शरीर नजफ से पहुंचा गृह नगर मशहद

09 Jul 2026 14:37:53
यह ईरान के मशहद का हाशमीनेजाद एयरपोर्ट है। महान एयर की फ्लाइट इराक के नजफ से इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को लेकर यहां पहुंची है। फोटो ग्रैब - इरना


तेहरान, 09 जुलाई (हि.स.)। इस्लामिक क्रांति के नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई का आखिरी सफर कुछ देरबाद शुरू होने वाला है। इराक के नजफ से उड़ान भरने वाली महान एयर की फ्लाइट खामेनेई के पार्थिव शरीर को लेकर आज कुछ देर पहले ईरान के पवित्र शहर मशहद पहुंची है। मशहद में जुलूस के बाद खामेनेई को उनकी इच्छा के अनुसार यहां की पवित्र दरगाह के परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मशहद अली खामेनेई का गृह नगर है।

इरना न्यूज एजेंसी ने एक्स हैंडल में मशहद के हाशमीनेजाद एयरपोर्ट का वीडियो पोस्ट किया है। इसमें महान एयर की फ्लाइट खड़ी हुई है। यह फ्लाइट अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को लेकर नजफ एयरपोर्ट से यहां पहुंची है। खामेनेई का पार्थिव शरीर नजफ और कर्बला में रस्मों के बाद सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए महान एयर के विशेष विमान से ईरान के मशहद लाया गया। विमान ने गुरुवार को नजफ हवाई अड्डे से सुबह उड़ान भरी। मशहद में इमाम रजा की पवित्र दरगाह परिसर पर अंतिम संस्कार और दफनाने की प्रक्रिया पूरी होगी।

अंतिम संस्कार के आयोजकों के अनुसार मशहद में पार्थिव शरीर के आगमन में कई घंटों की देरी हुई है। कर्बला में शोक मनाने वालों की भीड़ की वजह से यह स्थिति पैदा हुई। इस वजह से मशहद में स्थानीय समयानुसार, सुबह आठ बजे शुरू होने वाली अंतिम यात्रा को दोपहर 2:00 बजे तक के लिए टाला गया। नजफ में लगभग 38 लाख लोग दिवंगत नेता की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। यहां से खामेनेई के पार्थिव शरीर को अरबीन मार्ग से कर्बला ले जाया गया। इराक में अंतिम संस्कार की रस्में तेहरान और कोम के समारोहों के बाद हुईं।

इराक में शीर्ष शिया धर्मगुरु अयातुल्ला अली अल-सिस्तानी के प्रतिनिधि शेख अब्दुल महदी अल-करबलाई ने अंतिम संस्कार की नमाज की अगुवाई की। इराक में बुधवार को सार्वजनिक अवकाश रहा। अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के एकीकृत सैन्य कार्रवाई में मारे गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0