मंडलीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता : अंडर-17 का खिताब मुरादाबाद और अंडर-15 का बिजनौर के नाम

09 Jul 2026 19:42:56
फुटबॉल प्रतियोगिता में परिचय के दौरान उपस्थित बिजनौर और मुरादाबाद के पारकर कॉलेज की टीम।


मुरादाबाद, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पारकर इंटर कॉलेज मुरादाबाद के खेल ग्राउंड में आज मंडलीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक वर्ग का खिताब मुरादाबाद ने बिजनौर को हराकर अपने नाम कर लिया जबकि अंडर-15 बालक वर्ग में बिजनौर ने मुरादाबाद को हराकर जीत दर्ज की। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।

मंडलीय क्रीड़ा सचिव बंश बहादुर ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ पारकर इंटर कॉलेज मुरादाबाद के प्रधानाचार्य मेजर एसके नेथन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मंडलीय प्रतियोगिता में मुरादाबाद और बिजनौर जनपद की टीमों ने हिस्सा लिया। पारकर इंटर कॉलेज मैदान में गुरुवार को आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में मुरादाबाद और बिजनौर की टीमें निर्धारित समय में कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में मुरादाबाद ने 5-4 से जीत दर्ज कर मंडलीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

वहीं अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में मुरादाबाद के गौरव शर्मा ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई लेकिन सात मिनट बाद बिजनौर के उजैर रहमान ने बराबरी का गोल दाग दिया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में बिजनौर ने 5-4 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

अब बिजनौर के एमजीएमपी मुस्लिम इंटर कॉलेज की अंडर-15 टीम और मुरादाबाद के पारकर इंटर कॉलेज की अंडर-17 टीम 11 से 13 जुलाई तक आजमगढ़ मंडल में होने वाली प्रदेश स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबाल प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता के सफल संचालन में मंडलीय क्रीड़ा सचिव बंश बहादुर, प्रभात कुमार, यूनुस हुसैन, सोनिया, क्लेरिस सिंह, अनूप सिंह, आशीष रस्तोगी, निशीत बिजोय दास, मनीष मसीह आदि पदाधिकारियों का सहयोग रहा। मैच रेफरी मोहम्मद इमरान तथा लाइनमैन रियान खान, भूपेंद्र रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0