मध्य प्रदेश की अंजली सिंह और माही लामा कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप के लिए स्कॉटलैंड रवाना

युगवार्ता    09-Jul-2026
Total Views |
मध्य प्रदेश की अंजली सिंह और माही लामा


- विश्वस्तरीय प्रशिक्षण के साथ आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की करेंगी तैयारी

भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की महिला मुक्केबाज अंजली सिंह (57 किग्रा) एवं माही लामा (60 किग्रा) का चयन 10 से 24 जुलाई 2026 तक ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप के लिए हुआ है। मप्र की दोनों खिलाड़ी गुरुवार को स्कॉटलैंड के लिए रवाना हुईं।

जनसम्पर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में दोनों खिलाड़ी विभिन्न देशों के शीर्ष मुक्केबाजों के साथ अभ्यास कर अपनी तकनीकी क्षमता, फिटनेस एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को और अधिक सशक्त बनाएंगी।

अंतरराष्ट्रीय अनुभव से मिलेगा प्रदर्शन को नया आयाम

कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण वातावरण प्रदान करेगा, जहां उन्हें अनुभवी विदेशी कोचों के मार्गदर्शन के साथ विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के विरुद्ध अभ्यास का अवसर मिलेगा। यह शिविर आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के साथ खिलाड़ियों के तकनीकी एवं मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मध्य प्रदेश बॉक्सिंग अकादमी लगातार गढ़ रही है अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित मध्य प्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी देश की अग्रणी खेल अकादमियों में शामिल है। आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, वैज्ञानिक फिटनेस कार्यक्रम तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के कारण अकादमी ने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी तैयार किए हैं। अकादमी प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

खिलाड़ियों की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय : मंत्री सारंग

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अंजली सिंह एवं माही लामा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, मध्य प्रदेश की दोनों प्रतिभाशाली मुक्केबाजों का कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग कैंप के लिए चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह अवसर उनके खेल कौशल को और अधिक निखारने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। मुझे विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी इस प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी तथा देश और मध्य प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सतत प्रयासों से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अधोसंरचना और अंतरराष्ट्रीय अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को नई पहचान दिला रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags