ओरिएंटल कप 2026 : मदर्स इंटरनेशनल, माउंट कार्मेल और जी.डी. गोयनका ने दर्ज की जीत

09 Jul 2026 17:13:53
जीडी गोयनका और केन्द्रीय विद्यालय आरकेपुरम के बीच मैच का दृश्य


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। ओरिएंटल कप 2026 के तीसरे दिन गुरुवार को लगातार बारिश ने खिलाड़ियों की परीक्षा जरूर ली लेकिन चौथे संस्करण में हिस्सा ले रहे युवा फुटबॉलरों के जोश और जज़्बे को कम नहीं कर सकी।

डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धी रहे। लड़कों के वर्ग में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली, माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका, जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका, भारती पब्लिक स्कूल और विनय नगर बंगाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि लड़कियों के वर्ग में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल और भारती पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज कर अगले चरण में जगह बनाई।

दिन के पहले लड़कों के मुकाबले में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली ने गवर्नमेंट को-एजुकेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द्वारका को 2-0 से हराया। त्रिग्या चतुर्वेदी ने 10वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि दो मिनट बाद आवीर सिंह ने बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले हाफ में किए गए ये दोनों गोल टीम को अगले दौर में पहुंचाने के लिए पर्याप्त साबित हुए।

इसी मुकाबले के लड़कियों के वर्ग में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली ने गवर्नमेंट को-एजुकेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द्वारका को 1-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रिथिका सेल्वी सुंदर ने 22वें मिनट में मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल दागा, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने जीत दर्ज की।

भारती पब्लिक स्कूल ने लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों में बिना खेले अगले दौर में जगह बना ली क्योंकि ऐमिटी इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा ने अपने-अपने मुकाबलों में वॉकओवर दे दिया।

लड़कों के वर्ग में माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका ने ऐमिटी इंटरनेशनल स्कूल, साकेत को 2-0 से हराया।

रणवीर सिंह राणा ने 10वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी आर्यन वालिया ने 29वें मिनट में दूसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला लड़कों के वर्ग में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका और केंद्रीय विद्यालय, आर.के. पुरम के बीच खेला गया।

निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद जी.डी. गोयनका ने पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। केंद्रीय विद्यालय के लिए रजत सिंह खाती ने दूसरे मिनट में पहला गोल किया, जबकि 28वें मिनट में राज रावत ने बढ़त को 2-0 कर दिया।

इसके बाद जी.डी. गोयनका ने शानदार वापसी करते हुए 34वें मिनट में कार्तिक्य कश्यप चुघ के गोल से अंतर कम किया और दो मिनट बाद प्रतीक सिंह ने बराबरी का गोल दाग दिया। अंततः पेनल्टी शूटआउट में जी.डी. गोयनका ने संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

दिन के अंतिम मुकाबले में विनय नगर बंगाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने लड़कों के वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड के वॉकओवर देने के कारण अगले दौर में प्रवेश किया।

7 से 16 जुलाई तक डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित इस चौथे संस्करण में इस बार कुल पुरस्कार राशि पहले की तुलना में दोगुने से अधिक है, साथ ही 10 प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों के लिए ₹2.5 लाख की छात्रवृत्ति योजना भी शुरू की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0