
मुंबई, 09 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि जुहू स्थित मिलिट्री ट्रांसमिशन स्टेशन के प्रतिबंधों से प्रभावित इमारतों के पुनर्विकास की प्रक्रिया में भी तेजी लाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज मुंबई में हवाई अड्डा फनल ज़ोन और जुहू मिलिट्री ट्रांसमीटर स्टेशन से प्रभावित इमारतों के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के फनल ज़ोन में स्थित पुरानी इमारतों के पुनर्विकास को प्रोत्साहन देने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस फनल ज़ोन में सांताक्रूज़, विले पार्ले और कुर्ला क्षेत्र की इमारतें शामिल हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि फनल क्षेत्र में प्रतिबंधों से प्रभावित इमारतों के संदर्भ में फ्लोर स्पेस इंडेक्स (एफएसआई) की 'पोटेंशियल' क्षमता कहाँ प्रदान की जाए, इस पर महानगरपालिका निर्णय ले। प्रदान किए जाने वाले एफएसआई का उपयोग किस स्थान पर किया जाएगा, यह भी निर्धारित किया जाए। सडक़ चौड़ीकरण की तर्ज पर उच्च एफएसआई को आसपास अथवा निकटवर्ती निर्माण परियोजनाओं के साथ समेकित (क्लब) किया जा सकता है या नहीं, इसकी भी जांच की जाए। प्रभावित इमारतों के पुनर्विकास के लिए सडक़ की चौड़ाई के अनुसार उच्च 'पोटेंशियल' वाला एफएसआई उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई शहर में झोपड़पट्टी पुनर्विकास प्राधिकरण (एसआरए), म्हाडा, सिडको जैसी विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से आवास निर्माण का कार्य किया जाता है। इन सभी एजेंसियों का समन्वय और नियंत्रण नगर विकास विभाग द्वारा किया जाए। फनल ज़ोन के प्रतिबंधों से प्रभावित इमारतों का महानगरपालिका द्वारा मैपिंग किया जाए। जुहू स्थित मिलिट्री ट्रांसमिशन स्टेशन के प्रतिबंधों से प्रभावित इमारतों के पुनर्विकास की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। प्रभावित इमारतों के पुनर्विकास के लिए उच्च एफएसआई प्रदान कर निर्माण के समेकन (क्लबिंग) को भी मंजूरी दी जाए।
बैठक में सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार, नगर विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, विधायक अमित साटम, विधायक पराग अलवणी, अपर मुख्य सचिव (नगर विकास) असीम कुमार गुप्ता, बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव