राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, रक्षा मंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स के भारतीय पदक विजेताओं को बधाई दी

01 Aug 2026 19:12:53

नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को ग्लासगो कॉमनवेल्श गेम्स के भारतीय पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए एक और शानदार पल। महिलाओं के 57 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर जैस्मीन लंबोरिया को बहुत-बहुत बधाई। आपके अटूट समर्पण, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है। आपकी प्रेरणादायक यात्रा के आगे भी जारी रहने पर मैं आपके और भी सफल होने की कामना करती हूं। बेहतरीन प्रदर्शन से मिली शानदार जीत। महिलाओं की 54 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर प्रीति पंवार को भी बहुत-बहुत बधाई। आपकी यह यादगार उपलब्धि आपके संयम, सटीकता और असाधारण कौशल का प्रमाण है। मैं आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं और उम्मीद करती हूं कि आप भारत की खेल-संबंधी उम्मीदों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि महिलाओं के 54 किग्रा और 57 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर प्रीति पवार और जैस्मीन लैंबोरिया, पुरुषों के ट्रिपल जंप इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले प्रवीण चित्रवेल और ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाले सेल्वा प्रभु के शानदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है। उनके उज्ज्वल भविष्य तथा भारत के लिए और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की कामना करते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर भारतीय एथलेटिक्स की बढ़ती उत्कृष्टता को दिखाया है और ये देशभर के अनगिनत युवा एथलीटों को बड़े सपने देखने तथा ऊंचे लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करेंगे। देश के खिलाड़ी आने वाले वर्षों में लगातार सफलता तथा कई और शानदार उपलब्धियां हासिल करते रहें, यही उनकी कामना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0