राष्ट्रमंडल खेल 2026: उन्नति शर्मा ने जूडो में जीता कांस्य, हर्ष तोकस पदक से चूके

01 Aug 2026 23:46:53
राष्ट्रमंडल खेल 2026: उन्नति शर्मा ने जूडो में जीता कांस्य पदक


ग्लासगो, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की उन्नति शर्मा ने शानदार वापसी करते हुए महिला 63 किलोग्राम जूडो स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया। शनिवार को खेले गए तीसरे स्थान के मुकाबले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को हराकर पोडियम पर जगह बनाई। हालांकि पुरुषों के 81 किलोग्राम वर्ग में भारत के हर्ष तोकस कांस्य पदक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के केइशिन ओची से इप्पोन (100-0) से हार गए और पदक से चूक गए।

उन्नति के कांस्य पदक के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में भारत के कुल पदकों की संख्या चार हो गई। इससे पहले अस्मिता डे और हर्ष सिंह स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जबकि यामिनी मौर्य ने रजत पदक हासिल किया था।

उन्नति ने अपने अभियान की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में इस्वातिनी की लामुलेला मागागुला के खिलाफ शानदार जीत से की। उन्होंने महज 1 मिनट 39 सेकंड में लगातार दो वाजा-आरी के बाद इप्पोन हासिल कर मुकाबला समाप्त कर दिया।

क्वार्टर फाइनल में उन्होंने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी के खिलाफ भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पहले युको अंक हासिल किया और फिर निर्णायक वाजा-आरी के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

हालांकि सेमीफाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने निराशा को पीछे छोड़ते हुए कांस्य पदक मुकाबले में शानदार वापसी की। दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर के खिलाफ उन्होंने संयमित और आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की और भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0