कुलगाम आतंकी हमले में घालय दूसरे प्रवासी मजदूर की भी मौत

01 Aug 2026 12:15:53

श्रीनगर, 1 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। शनिवार को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) में उपचाराधीन एक और घायल प्रवासी मजदूर ने दम तोड़ दिया।

एक अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम गांव में आतंकवादियों ने दो प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी की थी। हमले में एक मजदूर की मौत शुक्रवार को ही अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो गई थी, जबकि दूसरे घायल मजदूर को बेहतर इलाज के लिए एसकेआईएमएस, श्रीनगर रेफर किया गया था, जहां शनिवार को उसकी भी मृत्यु हो गई।

मृतकों की पहचान दीपक रात्रे (24), पुत्र उमा शंकर और बोपिंदर (28, पुत्र दसराड़ के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी थे और कश्मीर में प्रवासी मजदूर के रूप में कार्यरत थे।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस बीच जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात से बात कर सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवाद विरोधी अभियान तेज करने और हमले में शामिल आतंकवादियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दस दिनों में कश्मीर में यह दूसरा आतंकी हमला है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग जिले के लाल चौक क्षेत्र में आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी थी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0