आज कर्नाटक के मैसूर दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी, स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र का करेंगे उद्घाटन

01 Aug 2026 10:18:53
कर्नाटक बीजेपी  की ओर से X पर शेयर की गई एक तस्वीर।


मैसूर, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार काे कर्नाटक के मैसूर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र–विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।

शहर के नारायण शास्त्री रोड स्थित ऐतिहासिक निरंजन मठ परिसर में निर्मित यह स्मारक स्वामी विवेकानंद की वर्ष 1892 में मैसूर यात्रा की स्मृति में बनाया गया है। लगभग 81 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित इस केंद्र का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों तथा भारतीय संस्कृति का परिचय कराना है। रामकृष्ण आश्रम के ट्रस्ट अध्यक्ष मुक्तिदानंद जी महाराज ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री दोपहर 3:30 बजे विवेक स्मारक का उद्घाटन करने के बाद रामकृष्ण आश्रम जाएंगे। इसके पश्चात वे केआरएस रोड स्थित रामकृष्ण विद्या शाला के सभागार में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए मैसूर शहर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रधानमंत्री के आवागमन मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन किया गया है। मैसूर शहर की पुलिस आयुक्त सीमा लाटकर ने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

कार्यक्रम में रामकृष्ण आश्रम के मुक्तिदानंद जी महाराज, बेलूर मठ के गौतमानंद जी महाराज, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, सांसद यदुवीर वाडियार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र तथा स्थानीय विधायक हरीश गौड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0