मप्र के भोपाल में ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन की तैयारियां जारी, कमिश्नर ने लिया जायजा

01 Aug 2026 19:12:53
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेते हुए कमिश्नर


भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी 5 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले ब्रिक्स देशों के सांस्कृतिक सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री, प्रतिनिधि और कलाकार समूहों के सदस्य शामिल होंगे।

भोपाल संभाग आयुक्त (कमिश्नर) कर्मवीर शर्मा ने शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, अपर पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला सहित पुलिस, प्रशासन, संस्कृति, पर्यटन, जनसम्पर्क,नगर निगम तथा सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

संभाग आयुक्त शर्मा ने मुख्य रूप से विमानतल पर अतिथियों के आगमन, उनके स्वागत एवं परिवहन, मुख्य आयोजन स्थल मिंटो हॉल में विभिन्न सत्रों की बैठक आदि व्यवस्था, रवीन्द्र भवन में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था तथा मानव संग्रहालय में उनके भ्रमण की व्यवस्था आदि का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन में 5 अगस्त को ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की मिंटो हॉल में बैठक होगी। सायंकाल सदस्यगण इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। 6 अगस्त को पुनः ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की मिंटो हॉल में बैठक होगी। सायंकाल रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टीवल में ब्रिक्स देशों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां होंगी।

अगले दिन 7 अगस्त को ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों का आगमन होगा और उसके पश्चात वे भोपाल में ट्राइबल म्यूजिनियम, वन विहार एवं राज्य संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। शाम 5 बजे से 7 बजे तक रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टीवल एवं कल्चरल शो का आयोजन किया जाएगा। 8 अगस्त को प्रात: 10 बजे से 2 बजे तक ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बैठक होगी। अपराह्न में सांची स्तूप का भ्रमण प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0