मप्र का जबलपुर एक साल में बनेगा मेट्रोपॉलिटन सिटी, मुख्यमंत्री ने ड्रॉफ्ट बनाने के दिए निर्देश

युगवार्ता    01-Aug-2026
Total Views |
जबलपुर में विकास कार्यों को लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री


- मुख्यमंत्री ने जबलपुर को दी 397 करोड़ रुपये 5 विकास कार्यों की सौगात, 11 लाख पौधे लगाने संबंधी अभियान का भी किया शुभारंभ

भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि नगर निगम जबलपुर अगले एक वर्ष में मेट्रोपोलिटन सिटी बनेगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधितों (कमिश्नर, कलेक्टर एवं अन्य) को जल्द से जल्द जबलपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी का ड्रॉफ्ट प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवा हमारी सरकार का दायां और सुशासन बायां हाथ है। हम मध्य प्रदेश के विकास प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि और सेवा के प्रति संकल्पित है। सेवा और सुशासन ही हमारे लिए समृद्ध मध्य प्रदेश के निर्माण का मूल और वास्तविक विकास मंत्र है। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से विकास का सच्चा वादा किया है। आज प्रदेश में चहुंओर विकास की बहार है। 'सच्चा वादा, पक्का काम' हम जो भी कहते हैं, वो करके भी दिखाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जबलपुर के गीता भवन परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन का 11 लाख पौधे लगाने के महा अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जबलपुर जिले को और भी कई सौगातें दीं। उन्होंने कहा कि जबलपुर में एक 'फर्नीचर क्लस्टर' बनाया जायेगा। जबलपुर की मेडिकल यूनिवर्सिटी को अब मध्य प्रदेश के एम्स (राज्यस्तरीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर और आसपास की परिधि मे स्थित नेशनल पार्क में आने वाले पर्यटकों के विशेष आकर्षण के लिए जबलपुर में ही वाइल्ड एनीमल्स विजिबिलिटी की सुविधा विकास के लिए यहां मदन महल पहाड़ी के पास एक चिड़िया घर (ज़ू) बनाया जायेगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि जबलपुर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सांदीपनि विद्यालय भी बनाये जायेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जबलपुर शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यहां करीब 397 करोड़ रुपये के 5 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने नगर निगम जबलपुर के स्वच्छता सर्वेक्षण पर केन्द्रित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन कर यहां पात्र सैकड़ों रेहड़ी-पटरी-श्रमिक (स्ट्रीट वेंडर्स) हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत डिजिटल क्रेडिट कार्ड्स भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने जबलपुर शहर में 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'अमृत 1.0' सीवेज परियोजना का शुभारंभ कर कठौंदा, ललपुर और तेवर में बने तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का लोकार्पण किया। उन्होंने जबलपुर की सिविल लाइन्स इलाके में 25 लाख रुपये की लागत से रजक समुदाय के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री एरिया का शुभारंभ कर गुरंदी बाजार क्षेत्र में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक मत्स्य विक्रय केन्द्र का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने जबलपुर को 'पुण्य नगरी' की उपमा देते हुए कहा कि हमारे देश और प्रदेश में कई तरह से विकास कार्य चल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का स्वर्णिम काल चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' से आकाशवाणी को एक नई पहचान दे दी है। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप देश की 80 करोड़ आबादी को नि:शुल्क राशन, पक्का मकान, नि:शुल्क शौचालय, हर घर नल से जल, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपये तक के इलाज की निशुल्क सुविधा मिल रही है। रेहड़ी वाले छोटे व्यापारियों को पीएम स्वनिधि योजना में लाभ मिल रहा है। आज जबलपुर के अनेक हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड प्रदान किए गए हैं। हर गरीब के जीवन को सुख के सूरज की रौशनी से प्रकाशित करने के लिये प्रतिबद्ध होकर राज्य सरकार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सरकार का अर्थ सहकार' और 'सहकार का अर्थ परिवार' की सहायता करना है। दुनिया के सामने भारत वसुधैब कुटुम्बकम का एक आदर्श उदाहरण है। भारतीय परंपरा प्राचीनकाल से इसी भाव से आगे बढ़ती रही है। अपने जंगलों को हराभरा रखने के लिए हम सभी जरूरी प्रयास कर रहे हैं। प्रकृति के साथ रिश्ता और भी मजबूत बनाने के लिए आज जबलपुर से 11 लाख पौधे लगाने के लिए सघन पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन में ऋषि-मुनियो के समान होते हैं। पेड़ों से हमें स्वच्छ हवा मिलती है। यह सबको जीवन देते हैं। पौधरोपण के लिए नई जापानी 'मियावाकी पद्धति' से एक एकड़ भूमि पर 12 हजार पौधे लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश में नदियों का मायका है। यहां हर-भरे सघन वन हैं। नदियां जंगलों को हराभरा रखती हैं। सभी को खुशहाली और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। नर्मदा नदी से गुजरात और राजस्थान को भी समृद्धि मिलती है। चंबल और सोन जैसी नदियां गंगा-यमुना की धारा को रफ्तार देती हैं।

सब समान-सबको सम्मान- यूसीसी का यही आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के बाद तत्कालीन सरकारों ने समाज को अपनी ही धारा और राजनीतिक नजरिए से देखा। उन्होंने धर्म के आधार पर लोगों में वर्ग विभेद किया। रहीम और रसखान की रचनाएं देखिए, जिनमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का चित्रण मिलता है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार आने के बाद देश में कहीं भी सद्भाव नहीं बिगड़ा। उन्होंने कहा कि यह बदलते दौर का भारत है। मध्य प्रदेश सरकार ने हिंदू और मुस्लिम सहित सभी वर्गों के लिए एक समान कानून लागू करने का निर्णय लिया है। यूसीसी लागू करने के लिए राज्य सरकार ने 3 करोड़ से अधिक एसएमएस भेजे, जिसके बाद 10 लाख से अधिक सुझाव यूसीसी समिति के पास आए। इन सुझावों में 74 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम बहनों ने यूसीसी लागू करने का समर्थन किया। 'सब समान-सबको सम्मान' देने के उद्देश्य से हमारी सरकार एक समान कानून लागू करने की दिशा में आगे बढ़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश का लोक निर्माण विभाग देश में सबसे अच्छा काम करने वाला विभाग है। हमारी सरकार द्वारा लोक निर्माण क्षेत्र में हुए कई नए काम और नवाचार अब पूरे देश में लागू हो रहे हैं। मध्य प्रदेश ने ब्रिटिशकाल के राजमार्ग कानून और फायर सेफ्टी एक्ट में भी संशोधन कर लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश टाइगर स्टेट तो पहले से ही है, अब तो कभी विलुप्त हो चुका चीता भी मध्य प्रदेश में जीता है। यह हमारा सौभाग्य है कि मध्य प्रदेश मगरमच्छ, घड़ियाल, गिद्ध, तेंदुआ जैसे वन्य जीवों के मामले में भी अग्रणी राज्य है। पूरे एशिया महाद्वीप से चीता विलुप्त हो चुका था, लेकिन मध्य प्रदेश की पावन धरती पर आते ही चीतों की संख्या 20 से बढ़कर 52 हो गई है। यह वन्य जीवों हमारे सहअस्तित्व की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। हम जियो और जीने दो की भावना के साथ वन्य जीवों के संरक्षण के लिए भी कार्य कर रहे हैं। असम से जंगली भैंसे लाए गए हैं। भविष्य में गैंडे और किंग कोबरा जैसे जीवों को भी लाकर उनके प्राकृतिक रहवास में बसाया जाएगा। वनों की समृद्धि के लिए और पर्यटन से रोजगार के अवसर दिलवाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags