
- मुख्यमंत्री ने बाबा नीब करौरी महाराज के कलात्मक चित्र का किया अनावरण
भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परम्परा और ज्ञान परम्परा एक ऐसी शक्ति है, जिससे विश्व में अनेक राष्ट्र प्रभावित हैं। यही वजह है कि उत्तराखंड के कैची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए अनेक देशों के लोग आते रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात शनिवार देर शाम भोपाल के रवीन्द्र भवन परिसर में बाबा नीब करौरी महाराज की हस्तकला से निर्मित कलात्मक चित्र के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भी विश्व के विद्वानों के समक्ष भारतीय ज्ञान परम्परा के प्रमाण प्रस्तुत किए थे। उस दौर में जब भौतिक प्रगति के पैमाने नहीं थे भारत की आध्यात्मिक शक्ति का महत्व रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आध्यात्मिक विभूति बाबा नीब करौरी के संपर्क में जो भी व्यक्ति आए, उनका जीवन परिवर्तित हो गया। वर्ष 1964 में नैनीताल के निकट स्थापित आश्रम में हुनमान जी की प्रतिमा स्थापित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान हनुमान के अनन्य उपासक पूज्य नीब करौरी महाराज का जीवन प्रेम, करूणा और नि:स्वार्थ सेवा का अद्भुत उदाहरण है। वे मानते थे कि सच्ची श्रद्धा और निष्काम सेवा से जीवन के सभी संकट दूर हो सकते हैं।
कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कैलाश मिश्रा के अलावा विशेष रूप से बाबा नीब करौरी महाराज के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे। इस अवसर पर पूज्य बाबा की 30x30 फीट की कलात्मक तस्वीर का अनावरण किया। उन्होंने यह तस्वीर तैयार करने वाले पश्चिम बंगाल के कलाकार और बाबा नीब करौरी रामबेती एजूकेशन चेरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रारंभ में भगवान हनुमान और बाबा नीब करौरी महाराज के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर