छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस ने बांग्लादेशी युवक को किया गिरफ्तार

10 Aug 2026 21:31:53
रायपुर में गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक शेख रेहान


रायपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने सोमवार को बांग्लादेशी युवक को पकड़ा है। युवक की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है। यह कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जोन अंतर्गत टिकरापारा थाना क्षेत्र संजय नगर में की गई है।

पुलिस ने पिछले दिनों जब अवैध नागरिकों की पहचान के लिए सत्यापन अभियान चलाया था, तब यह युवक चकमा देकर फरार हो गया था।पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से संजय नगर में उसके छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।पुलिस के मुताबिक, शेख रेहान वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। वह लंबे समय से राजधानी में रह रहा था और टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में किराये के मकान में रहता था।

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपित शेख रेहान के पास से भारतीय आधार कार्ड और एक भारतीय पासपोर्ट बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया ये दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार कराए जाने की आशंका है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया, पिछले दिनों जब राजधानी पुलिस द्वारा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था, तब यह युवक कार्रवाई के बीच से चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस लगातार इसकी तलाश में जुटी थी और मुखबिर की सूचना पर इसे संजय नगर से दोबारा दबोचा गया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित साल 2000 के आसपास भारत आया था। वह रायपुर में अपनी पहचान छिपाकर पहले कबाड़ का काम करता था और फिर मैकेनिक बनकर रहने लगा था ताकि किसी को शक न हो।

पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि शेख रेहान ने कथित तौर पर भारतीय पासपोर्ट के जरिए 4 से 5 बार बांग्लादेश की यात्रा की। पुलिस अब इन यात्राओं से जुड़े रिकॉर्ड और यात्रा के उद्देश्य की जानकारी जुटा रही है।जांच में यह भी सामने आया है कि शेख रेहान मूल रूप से बांग्लादेश के पार्वतीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। रायपुर में वह मोटर मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और पुलिस की टीमें शेख रेहान से पूछताछ कर रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेख रेहान को डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा। इसके बाद उसे बीएसएफ के माध्यम से बांग्लादेश डिपोर्ट किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस मामले पर रायपुर के पश्चिमी जोन के डीसीपी रॉबिनसन गुड़िया ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि टिकरापारा थाना अंतर्गत एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस को संदेह है कि वह एक विदेशी नागरिक है और अवैध रूप से रह रहा है। उसकी पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर गहन जांच की जा रही है। पिछले दिनों चलाए गए सत्यापन अभियान के दौरान यह व्यक्ति पुलिस की कार्रवाई से बचकर निकल गया था, जिसकी तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे संजय नगर इलाके से हिरासत में लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Powered By Sangraha 9.0