विधानसभा के मुख्य द्वार पर लेटे आजसू विधायक तिवारी महतो, जेपीएससी-जेएसएससी गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग

10 Aug 2026 18:53:53
झारखंड विधानसभा के मुख्य द्वार पर लेटे विधायक


रांची, 10 अगस्त (हि.स.)। ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) के विधायक तिवारी महतो ने सोमवार को झारखंड विधानसभा के मुख्य द्वार पर लेटकर जेपीएससी मामले में राज्य सरकार की नीतियों का विरोध किया। उन्होंने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई थी।

इस दौरान विधायक तिवारी महतो ने कहा कि जब राज्य सरकार छात्रों की 98 प्रतिशत मांगें मान चुकी है तो बाकी एक-दो मांगों को स्वीकार करने में क्या परेशानी है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की सभी मांगें जल्द से जल्द मान लेनी चाहिए।

उन्होंने परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि सरकार को छात्रों के आंदोलन का समाधान निकालना चाहिए, न कि उसे दबाने की कोशिश करनी चाहिए।

तिवारी महतो ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार छात्र आंदोलन के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बदनाम कर रही है, जबकि सरकार की नीयत पर ही सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को गंभीरता दिखाते हुए उनकी सभी मांगों पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Powered By Sangraha 9.0