काठमांडू, 10 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के एंटी करप्शन ब्यूरो ने दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के निजी सचिवों और उनके परिवारों की संपत्ति की जांच शुरू की है।
आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा के कार्यकाल में उनके निजी सचिव रहे भानु देउवा तथा पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचण्ड’ की निजी सचिव एवं उनकी बेटी गंगा दाहाल के परिवार की संपत्ति की जांच शुरू की है।
ब्यूरो के बताया, “भानु देउवा की संपत्ति की विस्तृत जांच की जा रही है। इसी तरह गंगा दाहाल के परिवार के नाम पर मौजूद संपत्तियों की भी जांच शुरू हो गई है।”
आयोग में दर्ज शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने जांच अधिकारी नियुक्त कर भानु देउवा और उनके परिवार के नाम पर मौजूद संपत्तियों की छानबीन शुरू की है। जांच के तहत उनके बैंक खातों के विवरण, जमीन-जायदाद और शेयरों से संबंधित रिकॉर्ड मंगाने का काम चल रहा है।
इसी तरह पूर्व प्रधानमंत्री प्रचण्ड के पिछले कार्यकाल में उनकी निजी सचिव रही गंगा दाहाल के परिवार की संपत्ति की भी जांच शुरू की गई है। गंगा दाहाल और उनके पति जीवन आचार्य की संपत्ति की संयुक्त रूप से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जीवन आचार्य कोशी प्रदेश की विधानसभा के सदस्य होने के साथ-साथ कोशी प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं।
ब्यूरो के अनुसार संपत्ति जांच के दौरान परिवार के सदस्य भी स्वतः जांच के दायरे में आ जाते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत कोशी प्रदेशसभा सदस्य एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री जीवन आचार्य भी जांच के दायरे में आए हैं। एक जांच अधिकारी ने बताया कि गंगा दाहाल और जीवन आचार्य से संबंधित जांच भानु देउवा की तुलना में कुछ आगे बढ़ चुकी है और कुछ संपत्तियों के स्रोत का खुलासा करने के लिए उनसे अतिरिक्त जानकारी मांगी जा रही है।
ब्यूरो ने इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के निजी सचिव राजेश बज्राचार्य की संपत्ति की भी जांच शुरू की थी। बज्राचार्य को एंटी करप्शन ब्यूरो ने अपने कार्यालय में बुलाकर संपत्ति विवरण को लेकर पूछताछ की थी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास