पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत 5.44 लाख उम्मीदवारों को नए जमाने की नौकरियों के लिए प्रशिक्षण

10 Aug 2026 20:43:53

नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। देशभर में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) 4.0 के तहत करीब 5.44 लाख उम्मीदवारों को नए जमाने और भविष्य की भूमिकाओं में प्रशिक्षित या उन्मुख किया जा चुका है। सरकार ने बदलती तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए एआई, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), सेमीकंडक्टर, ड्रोन तकनीक, सौर ऊर्जा और 3डी प्रिंटिंग जैसे क्षेत्रों में 600 से अधिक नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 तक पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत देशभर में 5.44 लाख उम्मीदवारों को नए जमाने और भविष्य की नौकरियों से जुड़ी भूमिकाओं में प्रशिक्षण या ओरिएंटेशन दिया गया है।

पीएमकेवीवाई 4.0 मांग आधारित योजना है। इसके तहत प्रशिक्षण को राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (एनएसक्यूएफ) के माध्यम से मानकीकृत किया गया है और पाठ्यक्रमों को उद्योग की जरूरतों तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। बदलती तकनीक और बाजार की मांग को देखते हुए 600 से अधिक नए जमाने और भविष्य की भूमिकाओं से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।

सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 से पिछले तीन वर्षों और वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान पीएमकेवीवाई 4.0 के क्रियान्वयन के लिए 2,392.37 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। योजना में राज्यों के लिए अलग-अलग धनराशि आवंटित करने का प्रावधान नहीं है।

पीएमकेवीवाई समाज के सभी वर्गों के लिए उपलब्ध है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य वंचित समूहों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। आकांक्षी जिलों और जनजातीय क्षेत्रों में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

समावेशी कौशल प्रशिक्षण के लिए पात्र उम्मीदवारों को सामान्य मानकों के तहत आवास, भोजन और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। गैर-आवासीय प्रशिक्षण में महिलाओं और दिव्यांगजनों के परिवहन खर्च को भी कवर किया जाता है। दिव्यांग उम्मीदवारों को सहायक उपकरणों के लिए 5,000 रुपये तक की सहायता दी जाती है। सभी उम्मीदवारों को एक वर्ष का दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जाता है।

राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक देशभर में 85,754 उम्मीदवारों को पीएमकेवीवाई के तहत प्रशिक्षित किया गया है। उत्तर प्रदेश में 10,834, मध्य प्रदेश में 14,322, पंजाब में 13,208 और तमिलनाडु में 3,640 उम्मीदवारों ने इस अवधि में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0