रिजिजू ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया

10 Aug 2026 15:15:53
किरन रिजूजू (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। संसद में जारी गतिरोध के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा सदन में करना चाहती है, लेकिन इस मुद्दे पर विपक्ष को भी सहयोग करना होगा। उनके सारे सवालों का जवाब गृहमंत्री सदन में देंगे लेकिन चर्चा के दौरान कोई हल्ला गुल्ला नहीं होगा। तभी विस्तृत चर्चा हो सकती है।

रिजिजू ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि सरकार की ओर से विपक्ष को प्रस्ताव बिल्कुल स्पष्ट है। जो भी आंदोलन चाहे दिल्ली हो या झारखंड उन सभी आंदोलनों पर चर्चा हो सकती है। सरकार कभी भी चर्चा से पीछे नहीं हटती। हम विद्यार्थियों के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। विपक्ष को गृहमंत्री और सरकार का जवाब सुनना चाहिए। एक बार चर्चा शुरू होने के बाद इस विषय पर हर पहलू पर विस्तार से और गहन चर्चा की जानी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि सरकार चर्चा से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन इसके लिए सदन में व्यवधान के बजाय संवाद और संसदीय प्रक्रिया का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि चर्चा शुरू होने के बाद मुद्दे पर गहन चर्चा की जानी चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0