दिल्ली-फुकेट फ्लाइट मामले में एयर इंडिया के निवर्तमान सीईओ तलब

11 Aug 2026 19:48:53
पूछताछ के बाद बाहर जाते कैंपबेल विल्सन


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-2379 में 4 अगस्त को भयंकर टर्बुलेंस से घायल हुए 17 यात्रियों को लेकर केंद्र सरकार ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में नागर विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया के निवर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन और टाटा संस के कार्यकारी सलाहकार प्रदीप सिंह खरोला को भी इस मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है।

नागर विमानन मंत्रालय में मंगलवार को बुलाई गई आपात बैठक में नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने एयरलाइन के अधिकारियों से आमने-सामने जवाब-तलब किया। बैठक में एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन (जो अगले महीने एयर इंडिया छोड़ सकते हैं), टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के कार्यकारी सलाहकार एवं पूर्व नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह खरोला और एयर इंडिया के फ्लाइट सेफ्टी हेड दीपक जोशी शामिल हुए।

केंद्र सरकार की तरफ से इस बैठक में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के महानिदेशक वीर विक्रम यादव और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के महानिदेशक जी.वी.जी. युगंधर भी मौजूद रहे। हालांकि, बैठक के दौरान हुई बातचीत के बारे में विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से नहीं मिल सकी है, लेकिन इस बैठक में एयर इंडिया के समग्र सुरक्षा और परिचालन मानकों की कड़ी समीक्षा की गई।

उधर, एयर इंडिया के निवर्तमान सीईओ कैंपबेल विल्सन नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए के सीनियर अधिकारियों से मुलाकात के बाद रवाना हो गए। उन्होंने पूछे जाने पर कहा, हम बस जांच की स्थिति के बारे में जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बारे में विस्तृत जानकारी देना उनके (नागरिक उड्डयन मंत्री) के ऊपर है।

एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट संख्या (AI2379) अचानक आई भीषण हलचल (टर्बुलेंस) और विमान के 300 फीट नीचे तक गिरने की घटना में कम से कम 17 लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। इस विमान के पायलट की दोबारा हुए डोप टेस्ट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0