हंगामे के चलते 2 बजे तक के लिए स्थगित दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही

11 Aug 2026 13:50:53
दिल्ली विधानसभा (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सदन में हंगामे के चलते कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी।

विधानसभा सदन की बैठक मंगलवार को सुबह 11 बजे शुरू हुई। कार्यसूची में नियम-280 के तहत सदस्यों द्वारा विशेष उल्लेख, विभिन्न विधेयकों पर विचार एवं उन्हें पारित करने तथा भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट पर चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित था।

सदन में दिल्ली शयन कक्ष तथा भोजन संस्थापन (निरसन) विधेयक, 2026, दिल्ली नागरिक समय बद्ध एवं सुगम सेवा (प्रदानार्थ, अधिकार) विधेयक, 2026 और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (संशोधन) विधेयक, 2026 पर विचार और उन्हें पारित करने का प्रस्ताव है।

इससे पहले मानसून सत्र के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार टकराव देखने को मिला है। सात अगस्त से शुरू हुआ दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार, 11 अगस्त तक निर्धारित है।

सोमवार को भी सदन में हंगामा हुआ था। आम आदमी पार्टी के छह विधायकों को हंगामे के बाद बाहर किया गया था। सत्र के पहले दिन भी स्वास्थ्य क्षेत्र में कथित घोटाले के मुद्दे को लेकर हंगामे के चलते कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0