
गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी रॉयल्स ने मंगलवार को एसीए स्टेडियम में खेले गए इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग 2026 के 21वें मुकाबले में चराइदेव सनराइजर्स को तीन विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में कई नए टूर्नामेंट रिकॉर्ड बने।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चराइदेव सनराइजर्स ने 20 ओवर में दो विकेट पर 208 रन बनाए। कप्तान सुमित घड़ीगांवकर ने 64 गेंदों में छह चौकों और सात छक्कों की मदद से 107 रन की शानदार पारी खेली और इस सत्र का पहला शतक जड़ा। उनके साथ प्रद्युन सैकिया ने 39 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 82 गेंदों में 143 रन जोड़े, जो इस सत्र की सबसे बड़ी साझेदारी रही। अमलान ज्योति दास 30 रन बनाकर नाबाद रहे।
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुवाहाटी रॉयल्स ने पहले ही ओवर में 24 रन बटोरकर धमाकेदार शुरुआत की। रोहित सेन ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर इस सत्र का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने 38 गेंदों में पांच चौकों और 10 छक्कों की मदद से 96 रन की तूफानी पारी खेली।
सेन के आउट होने के बाद रॉयल्स का स्कोर 12वें ओवर में 148/4 हो गया और सनराइजर्स ने वापसी की कोशिश की। 17वें ओवर तक रॉयल्स 180/7 पर पहुंच गया। हालांकि, गुनजन ज्योति डेका ने 24 गेंदों में नाबाद 38 रन और मृण्मय दत्ता ने 10 गेंदों में नाबाद 16 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
गुवाहाटी रॉयल्स ने 19.3 ओवर में सात विकेट खोकर 212 रन बनाते हुए तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया। चराइदेव की ओर से दिबाकर जोहोरी ने तीन और कलाम रेजा ने दो विकेट लिए।
इस मुकाबले में सनराइजर्स का 208/2 का स्कोर इस सत्र का पहला 200 से अधिक का स्कोर रहा, जबकि रॉयल्स ने सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया। रॉयल्स ने अपनी पारी में कुल 30 चौके-छक्के भी लगाए, जो टूर्नामेंट में अब तक एक पारी में सर्वाधिक हैं।
संक्षिप्त स्कोर:
चराइदेव सनराइजर्स: 208/2, 20 ओवर (सुमित घड़ीगांवकर 107, प्रद्युन सैकिया 59, अमलान ज्योति दास 30*; बस्तब रॉय 1/32, दीपक गोहेन 1/44)।
गुवाहाटी रॉयल्स: 212/7, 19.3 ओवर (रोहित सेन 96, गुनजन ज्योति डेका 38*, निबिर डेका 21; दिबाकर जोहोरी 3/34, कलाम रेजा 2/39)।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश