नेपाल के सुनसरी और सिरहा में आंदोलन के दौरान मारे गए चार लोगों को सरकार ने दिया शहीद का दर्जा

11 Aug 2026 18:35:53
नेपाल के प्रदर्शन में मारे गए चार युवक को शहीद की घोषणा


काठमांडू, 11 अगस्त (हि.स.)। मंत्रिपरिषद की मंगलवार को हुई बैठक में हाल ही में सुनसरी और सिरहा जिले में हुईं घटनाओं के दौरान जान गंवाने वाले चार लोगों को शहीद घोषित करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार के प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने मंत्रिपरिषद के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सुनसरी में जान गंवाने वाले ओमप्रकाश मेहता, जयप्रकाश मेहता और रवीन्द्र मेहता तथा सिरहा में मारे गए गणेश यादव को शहीद घोषित किया गया है। मंत्रिपरिषद के इस फैसले को मृतकों के परिवारों के लिए सरकार की ओर से औपचारिक सम्मान और मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। शहीद घोषित किए गए चारों लोगों के परिवारों की ओर से तथा स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही थी।

सरकार ने सुनसरी और सिरहा की घटनाओं को लेकर स्थिति को सामान्य बनाने तथा प्रभावित परिवारों को राहत और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए हैं। शहीद घोषणा के फैसले के साथ ही इन घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति सरकार ने अपनी संवेदना और सम्मान भी व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0