रूस ने यूक्रेन के सैन्य और लॉजिस्टिक्स ठिकानों पर किए बड़े हमले, कीव और जापोरोजे में भारी नुकसान

11 Aug 2026 17:30:53
सांकेतिक


मॉस्को/कीव, 11 अगस्त (हि.स.)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को दावा किया कि सेना ने यूक्रेन के महत्वपूर्ण सैन्य, लॉजिस्टिक्स और रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकानों पर रातभर बड़े हमले किए। मंत्रालय के अनुसार, हमलों में कीव और यूक्रेन के नियंत्रण वाले ज़ापोरोज़े शहर में सैन्य गतिविधियों से जुड़े कई ठिकानों को निशाना बनाया गया।

रूस के अंतरराष्ट्रीय समाचार टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे (आरटी) के मुताबिक, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हमलों में जमीन से मार करने वाले हथियारों का इस्तेमाल किया गया। मंत्रालय के मुताबिक, कीव में नोवा पोश्ता टर्मिनल और कीव-3 ट्रांसपोर्ट-लॉजिस्टिक्स सेंटर को निशाना बनाया गया।

रूस का आरोप है कि नोवा पोश्ता के स्वचालित सॉर्टिंग परिसर का इस्तेमाल नागरिक और सैन्य दोनों तरह की वस्तुओं के भंडारण एवं वितरण के लिए किया जाता था। इनमें लंबी और मध्यम दूरी के ड्रोन के कलपुर्जे, रोबोटिक सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण शामिल थे।

रूसी मंत्रालय के अनुसार, कीव-3 लॉजिस्टिक्स सेंटर में करीब 15,000 एफपीवी स्ट्राइक ड्रोन, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और अन्य उपकरण रखे गए थे। मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि कुछ ड्रोन थर्मल इमेजिंग कैमरों से लैस थे।

रूस ने ज़ापोरोज़े शहर स्थित ज़ापोरोज़स्टाल स्टील प्लांट को भी हमले का निशाना बनाए जाने का दावा किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, संयंत्र फ्लैट-रोल्ड स्टील का प्रमुख उत्पादक है, जिसका इस्तेमाल बॉडी आर्मर, किलेबंदी और सैन्य वाहनों की प्लेटिंग में किया जा सकता है।

मंत्रालय ने आरोप लगाया कि संयंत्र का इस्तेमाल भारी बख्तरबंद वाहनों पर एंटी-ड्रोन स्क्रीन लगाने के लिए भी किया जाता था।

यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने भी रातभर हुए रूसी हमलों की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार, कीव पर हुए बैलिस्टिक मिसाइल हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ और शेवचेंकोव्स्की जिले में एक गोदाम में आग लग गई। बाद में आग पर काबू पा लिया गया।

ज़ापोरोज़े के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्रीय केंद्र पर रॉकेट और निर्देशित हवाई बमों से संयुक्त हमला किया गया। अधिकारियों के अनुसार, हमले में गैर-आवासीय परिसरों और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय प्रशासन ने छह लोगों की मौत और 52 लोगों के घायल होने की जानकारी दी।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेन ने भी रूस के कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। मंत्रालय के अनुसार, वायु रक्षा प्रणालियों ने 15 क्षेत्रों में 396 यूक्रेनी ड्रोन को रोका।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि राजधानी क्षेत्र की ओर बढ़ रहे 237 ड्रोन का पता चला। उनके अनुसार, ज्यादातर ड्रोन को शहर से काफी दूर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि 13 ड्रोन को नजदीक आने के बाद मार गिराया गया।

वोरोनिश के गवर्नर अलेक्जेंडर गुसेव ने बताया कि एक बड़ी कंपनी के दो गोदामों में आग लग गई। उन्होंने कहा कि ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से 49 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।

गवर्नर ने कंपनी का नाम नहीं बताया लेकिन ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज ने अपनी सुविधाओं में आग लगने और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की पुष्टि की। कंपनी के अनुसार, उसके सामान को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ।

यूक्रेन पिछले कई महीनों से रूस के अंदरूनी इलाकों में ड्रोन हमले करता रहा है। इन हमलों में सैन्य और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के साथ-साथ कुछ रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचने की खबरें आती रही हैं।

इसके जवाब में रूस लगातार यूक्रेन के सैन्य और रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकानों पर हमले कर रहा है। मॉस्को का कहना है कि उसके हमले सैन्य लक्ष्यों पर केंद्रित होते हैं और वह जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाता।

हालांकि, दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि कई मामलों में मुश्किल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0