कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में सीआईएसएफ की अनु प्रिया और श्रुति जोशी ने जीते कांस्य पदक

11 Aug 2026 16:59:53
सीआईएसएफ की फेंसर श्रुति जोशी


लागोस, 11 अगस्त (हि.स.)। नाइजीरिया के लागोस में चल रही कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की खिलाड़ियों अनु प्रिया और श्रुति जोशी ने कांस्य पदक जीतकर देश और बल का नाम रोशन किया।

हरियाणा की अनु प्रिया ने महिला व्यक्तिगत एपी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि महाराष्ट्र की श्रुति जोशी ने महिला व्यक्तिगत सेबर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। चैंपियनशिप की शुरुआत 9 अगस्त को हुई है और प्रतियोगिता 14 अगस्त तक चलेगी।

अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में सीआईएसएफ का प्रतिनिधित्व कर रहीं दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन से सीआईएसएफ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

सीआईएसएफ के महानिदेशक और बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने अनु प्रिया और श्रुति जोशी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी तथा चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन की सराहना की।

इन उपलब्धियों से खेलों को बढ़ावा देने और अपने खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए सीआईएसएफ की प्रतिबद्धता भी सामने आती है। सीआईएसएफ की खेल नीति के तहत बल के जवानों को सेवा के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0