डेविड मिलर का बड़ा सपना, बोले- घरेलू मैदान पर 2027 विश्व कप जीतकर करियर खत्म करना चाहता हूं

युगवार्ता    12-Aug-2026
Total Views |
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर की नजर अब 2027 में होने वाले आईसीसी पुरुष वनडे क्रिकेट विश्व कप पर है। मिलर ने कहा है कि वह अपने करियर के अंतिम दौर में घरेलू सरजमीं पर विश्व कप ट्रॉफी जीतकर यादगार विदाई लेना चाहते हैं। उनके लिए 2027 का विश्व कप अब प्रमुख लक्ष्यों में शामिल हो गया है।

‘द हंड्रेड 2026’ में सदर्न ब्रेव का हिस्सा रहे मिलर ने आठ मुकाबलों में 166 रन बनाए। हालांकि, उनकी टीम नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी। एक स्पोर्ट्स चैनल से बातचीत में मिलर ने अपने लंबे क्रिकेट करियर, दबाव में मैच फिनिश करने की कला और आईपीएल से जुड़ी यादों पर भी चर्चा की।

मिलर ने कहा कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए मुकाबले खत्म करना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उनके मुताबिक, इस भूमिका में महारत हासिल करने में लंबा समय लगता है और वह आज भी इससे लगातार सीख रहे हैं।

आईपीएल की दो पारियां हमेशा रहेंगी याद

अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में मिलर ने आरसीबी के खिलाफ 101 रन की पारी को खास बताया। यह उनकी पहली आईपीएल और पहली टी20 शतकीय पारी थी, जिसमें उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डरबन में खेली गई 118 रन की नाबाद पारी को भी अपनी खास पारियों में शामिल किया।

आईपीएल में सबसे पसंदीदा पल के बारे में मिलर ने गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल खिताब जीतने को सबसे ऊपर रखा।

‘विश्व कप टीम का हिस्सा बनना चाहता हूं’

2027 विश्व कप को लेकर मिलर ने कहा कि यह उनके लिए ऐसा लक्ष्य है जिसे वह हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि करियर के आखिरी दौर में ट्रॉफी के साथ विदाई लेना उनके लिए बेहद खास होगा।

उन्होंने माना कि विश्व कप टीम में जगह पक्की होने की कोई गारंटी नहीं है, इसलिए वह अभी से खुद को टीम में शामिल कराने और अपनी सर्वश्रेष्ठ भूमिका निभाने पर ध्यान देंगे। दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में होने वाले विश्व कप में घरेलू दर्शकों के सामने खेलना उनके लिए बेहद भावुक और विशेष अनुभव होगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags