
गुवाहाटी, 12 अगस्त (हि.स.)। डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग-2026 के 23वें मुकाबले में नगांव रेंजर्स को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। बुधवार को एसीए स्टेडियम, गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में डिब्रूगढ़ ने 111 रन के लक्ष्य को 17.3 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
डिब्रूगढ़ की जीत में दिविज पाठक की नाबाद 64 रन की पारी निर्णायक रही। उन्होंने 58 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 64 रन बनाए। रितुराज बिस्वास ने 34 गेंदों में 33 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नगांव रेंजर्स की टीम 20 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। जितु अली ने 35 गेंदों में 42 रन और कप्तान अनुराग तालुकदार ने 30 गेंदों में 26 रन बनाए। डिब्रूगढ़ की ओर से सिद्धार्थ शंकर बरुवा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट 15 रन देकर हासिल किए।
नगांव ने पारी की शुरुआत में ही अपना पहला विकेट गंवा दिया था। अंतिम चरण में टीम के पांच विकेट महज 19 रन के भीतर गिर गए। इसके बाद डिब्रूगढ़ ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटके के बाद पारी को संभाला और आसानी से जीत हासिल कर ली।
संक्षिप्त स्कोर:
नगांव रेंजर्स: 110 रन, 20 ओवर (जितु अली 42, अनुराग तालुकदार 26; सिद्धार्थ शंकर बरुवा 3/15)।
डिब्रूगढ़ वॉरियर्स: 114/2, 17.3 ओवर (दिविज पाठक 64 नाबाद, रितुराज बिस्वास 33; सुनील लचित 1/17)।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश