असम-अरुणाचल सीमा तनाव पर दोनों सरकारों की बातचीत जारी, टीएमपीके ने दी 48 घंटे की समयसीमा

13 Aug 2026 17:28:53
Minister Atul Bora मंत्री अतुल बोरा


गुवाहाटी, 13 अगस्त (हि.स.)। असम और अरुणाचल प्रदेश सरकार सीमा तनाव को लेकर दो अलग-अलग पहलुओं पर बातचीत जारी रखे हुए हैं। इनमें अंतरराज्यीय सीमा विवाद और सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना शामिल है। राज्य सरकार के दो मंत्रियों अतुल बोरा और रणाेज पेगू ने गुरुवार को इस संबंध में तकाम मिसिंग पोरिन केबांग (टीएमपीके) के साथ बैठक की।

धेमाजी के आवर्त भवन में हुई बैठक में मंत्रियों ने कहा कि सीमा विवाद और सोमवार की गोलीबारी की घटना पर सरकार अलग-अलग नजर रख रही है। सरकार के अनुसार, गोलीबारी की घटना में अरुणाचल प्रदेश के चार लोग सीधे तौर पर शामिल थे। इस घटना में 18 असमिया घायल हुए थे।

असम पुलिस ने घटना के संबंध में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। सरकार ने उम्मीद जताई कि टीएमपीके जल्द ही अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ जारी आर्थिक नाकेबंदी वापस ले लेगा।

हालांकि, बैठक के बाद टीएमपीके ने चारों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 48 घंटे की समयसीमा दी है। संगठन ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी होने तक अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ उसका विरोध जारी रहेगा।

टीएमपीके ने स्पष्ट किया कि सोमवार की गोलीबारी के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे चारों अरुणाचली आरोपितों की गिरफ्तारी तक आर्थिक नाकेबंदी भी जारी रहेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0