
पटना, 13 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव को
हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरुवार को संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री शाह से मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान मंत्री राम कृपाल ने केंद्रीय सहकारिता मंत्री शाह से बिहार के सहकारिता क्षेत्र की प्रगति, उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बिहार में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। इसमें सकरी, मधुबनी में सहकारी चीनी मिल की स्थापना, बिहार राज्य सहकारिता नीति-2026, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन, सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने, विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना तथा अंतरराज्यीय सहकारी समितियों की सदस्यता जैसी प्रमुख पहल शामिल हैं।
मंत्री ने बिहार में सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण, पैक्स को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने, ‘सहकारिता में सहकार’ के तहत बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, पैक्स एवं सहकारी पदाधिकारियों के प्रशिक्षण तथा सहकारी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे कार्यों से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह काे अवगत कराया।
इन प्रमुख मुद्दों पर की मांग
मंत्री राम कृपाल ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र को और गति देने के लिए पैक्स के कंप्यूटरीकरण, बहुउद्देशीय सेवा केंद्रों के विकास, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के भुगतान में तेजी तथा राज्य खाद्य निगम को समय पर राशि उपलब्ध कराने से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बिहार में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।
बैठक में बिहार के विकास एवं समसामयिक राजनीतिक विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी