कांग्रेस ने एलएसी के पास भारतीय गश्ती बिंदुओं तक पहुंच रोके जाने का लगाया आरोप, सरकार से ठोस कदम की मांग

13 Aug 2026 19:30:53
कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस ने चीन की तरफ से अरुणाचल प्रदेश के तकसिंग क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास भारतीय गश्ती बिंदुओं तक पहुंच रोके जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार से राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि सीमा पर चीन की गतिविधियां भारत की क्षेत्रीय अखंडता, सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और उनकी आजीविका के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने पार्टी का यह आधिकारिक बयान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। बयान में कहा गया कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के तकसिंग क्षेत्र में भारत के ऐतिहासिक गश्ती बिंदुओं तक पहुंच को रोक दिया है। पार्टी ने इसे भारत की संप्रभुता के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए आरोप लगाया कि यह भारतीय क्षेत्र में धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी बढ़ाने की चीन की कोशिशों का हिस्सा है।

पार्टी ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश सरकार और स्थानीय समुदाय पहले ही सीमा क्षेत्र में चीन की गतिविधियों को लेकर चिंता जता चुके हैं। चीन ने सीमा के पास गांव भी बसाए हैं, जिससे भारत की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने और भारत की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। पार्टी ने प्रधानमंत्री से अपील की कि वह इस मुद्दे को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सामने सीधे उठाएं और राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0