दीपक के चार विकेट और घड़ीगांवकर के अर्धशतक से चराइदेव सनराइजर्स की सात विकेट से जीत

13 Aug 2026 21:01:53
Assam Premier League.


गुवाहाटी, 13 अगस्त (हि.स.)। चराइदेव सनराइजर्स ने गुरुवार को एसीए स्टेडियम, गुवाहाटी में खेले गए इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग 2026 के 25वें मुकाबले में जोरहाट स्टैलियंस को सात विकेट से हराया। इस जीत के साथ सनराइजर्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया।

चराइदेव की जीत में रेशभ दीपक ने गेंदबाजी में चार विकेट लेने के बाद बल्ले से भी तूफानी पारी खेली। उन्होंने 11 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए। कप्तान सुमित घड़ीगांवकर ने 44 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे।

पहले बल्लेबाजी करते हुए जोरहाट स्टैलियंस ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 128 रन बनाए। स्वरूपम पुरकायस्थ ने 24 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि राजवीर सिंह ने 22 और द्युतिमय नाथ ने सात गेंदों में 19 रन का योगदान दिया। चराइदेव की ओर से रेशभ दीपक ने 4/18 और दिबाकर जोहोरी ने 2/24 विकेट लिए।

जवाब में चराइदेव सनराइजर्स ने 14.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाजों ने 58 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। प्रद्युन सैकिया ने 20 गेंदों में 25 रन बनाए। इसके बाद घड़ीगांवकर ने पारी को संभाले रखा और दीपक ने आखिरी चरण में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को आसान जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर:

जोरहाट स्टैलियंस: 128/8, 20 ओवर (स्वरूपम पुरकायस्थ 28, राजवीर सिंह 22; रेशभ दीपक 4/18, दिबाकर जोहोरी 2/24)।

चराइदेव सनराइजर्स: 130/3, 14.3 ओवर (सुमित घड़ीगांवकर 56*, रेशभ दीपक 34*; द्युतिमय नाथ 2/27, अभिलाष गोगोई 1/22)।

नतीजा: चराइदेव सनराइजर्स ने जोरहाट स्टैलियंस को सात विकेट से हराया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0