न्यूयॉर्क में ‘एक्सप्लोसिव डायरिया’ के 594 मामले, स्वास्थ्य विभाग ने दी जानकारी

13 Aug 2026 22:09:53

न्यूयॉर्क, 13 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में आंतों से जुड़ी बीमारी साइक्लोस्पोरियासिस के करीब 600 मामले सामने आए हैं। शहर के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 01 मई से 10 अगस्त के बीच कुल 594 मामलों की पुष्टि हुई है। इस बीमारी में तेज दस्त की समस्या होती है, जिसे आम बोलचाल में ‘एक्सप्लोसिव डायरिया’ कहा जाता है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब तक सामने आए मामलों में से किसी भी संक्रमण को स्थानीय स्तर पर संक्रमित होने का मामला नहीं पाया गया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इन मामलों का संबंध टैको बेल रेस्तरां में परोसे गए लेट्यूस सलाद से नहीं पाया गया है। इस सलाद को पहले संक्रमण के संभावित स्रोत के तौर पर देखा जा रहा था।

साइक्लोस्पोरियासिस एक परजीवी से होने वाली आंतों की बीमारी है। यह आमतौर पर दूषित ताजे फल और सब्जियां खाने से फैल सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बीमारी सामान्यतः जानलेवा नहीं होती और इसका इलाज एंटीबायोटिक दवाओं से किया जा सकता है।

इसके प्रमुख लक्षणों में बहुत तेज दस्त, मतली और पेट में ऐंठन शामिल हैं। कुछ लोगों में लक्षण लंबे समय तक बने रह सकते हैं और इससे शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मई से अगस्त के दौरान न्यूयॉर्क में मामलों की संख्या बढ़ी है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी में इन 594 मामलों के किसी एक साझा स्थानीय स्रोत से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।

अधिकारियों की ओर से लोगों को ताजे फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर खाने तथा भोजन की स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0