छग के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने प्रधानमंत्री से की जीएसटी विभाग की पदोन्नति परीक्षा में कथित गड़बड़ी की केंद्रीय जांच की मांग

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर


रायपुर , 13 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर ने जीएसटी विभाग की वर्ष 2021 और 2022 में हुई पदोन्नति परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री कंवर का दावा है कि उनके पास इस परीक्षा में हुई गड़बड़ी और अनियमितताओं से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं।

ननकीराम कंवर ने प्रधानमंत्री से पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में गड़बड़ी साबित होती है तो संबंधित भर्ती को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराई जानी चाहिए। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र लिखकर इस मांग को उठाया और आज सार्वजनिक किया है।

पूर्व गृह मंत्री कंवर के मुताबिक, राज्य कर निरीक्षक के 42 पदों के लिए दो वर्षों में परीक्षा आयोजित की गई थी। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने व्यापमं से सहयोग लेने के बजाय खुद परीक्षा आयोजित की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य कर निरीक्षक के 42 पदों के लिए हुई परीक्षा में करीब 350 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और परीक्षा प्रक्रिया में कई गंभीर अनियमितताएं हुईं।

कंवर ने आरोप लगाया कि परीक्षा में चयनित कुछ कर्मचारियों के अंक 80 से 100 प्रतिशत तक रहे। उनके मुताबिक, इतने अधिक अंक इस बात का संकेत देते हैं कि कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया गया हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चयनित लोगों में तत्कालीन विभागीय आयुक्त समीर बिश्नोई के पीए और अन्य अधिकारियों से जुड़े लोग शामिल थे।

उन्होंने परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि उत्तर पुस्तिकाओं पर न तो कोई मोहर लगी थी और न ही अधिकारियों के हस्ताक्षर थे। कंवर के अनुसार, ऐसी स्थिति में उत्तर पुस्तिकाओं में बाद में बदलाव किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने अपने पत्र में तत्कालीन आयुक्त समीर बिश्नोई का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि बिश्नोई वर्तमान में मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जेल में हैं। इसी आधार पर कंवर ने परीक्षा प्रक्रिया में भी भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।

गौरतलब है कि ननकीराम कंवर इससे पहले छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा घोटाले को भी प्रमुखता से उठा चुके हैं, जिसकी जांच वर्तमान में राज्य सरकार की सिफारिश पर सीबीआई द्वारा की जा रही है। आरोपों पर जीएसटी विभाग या राज्य सरकार के जिम्मेदार अधिकारियों की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक या विस्तृत प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags