
नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीयमंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान और उनके अंदाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी एक उद्दंड बालक की तरह व्यवहार कर रहे हैं। संसदीय व्यवस्था में एक निश्चित मर्यादा होती है और विपक्ष के नेता को उसी के अनुरूप अपनी बात रखनी चाहिए।
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के ‘चैलेंज करता हूं’ वाले अंदाज पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में इस तरह की भाषा के बजाय तथ्यों और तर्कों के साथ चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद की एक गरिमा होती है एक मर्यादा होती है उसके अनुरूप अपना व्यवहार संसद में करना होता है। उन्होंने कहा कि अमित शाह से तुलन करना गलत है। अमित शाह ने अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने तथा नागरिकता संशोधन कानून लागू करने जैसे मुद्दों पर काम करके परिणाम दिखाए हैं।
केंद्रीयमंत्री ने राहुल गांधी पर आतंकवाद को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने राहुल गांधी को ‘अर्बन नक्सल’ की भूमिका निभाने वाला बताया और कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो संसदीय तरीके से मुद्दों पर बहस करें और दूसरों की बात भी सुनें। गिरिराज सिंह ने नीट और पैलेट गन के मुद्दे को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि सदन में पैलेट गन का मुद्दा उठाया जाएगा तो नीट पर भी चर्चा होगी और इसके बाद पंजाब, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों से जुड़े मुद्दे भी बहस के दायरे में आएंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला और पार्टी से ‘शर्म करने’ की बात कही। गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राहुल गांधी का समर्थन करने को लेकर ‘चमचागिरी’ जैसे तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय