दक्षिणी गाजा में इजराइली हवाई हमला, हमास के कंपनी कमांडर को मारने का दावा

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |

गाजा/तेल अवीव, 13 अगस्त (हि.स.)। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस इलाके में इजराइली सेना ने हवाई हमला किया है। इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने दावा किया कि इस कार्रवाई में हमास के एक कंपनी कमांडर को मार गिराया गया। सेना के अनुसार, यह कमांडर गाजा पट्टी में तैनात इजरायली सैनिकों के खिलाफ हमलों की तैयारी और उन्हें आगे बढ़ाने में जुटा था।

आईडीएफ ने बताया कि हमास कमांडर को इजराइली बलों के लिए पैदा हो रहे खतरे को खत्म करने के उद्देश्य से निशाना बनाया गया। इजराइली सेना ने हालांकि हमले में हुए संभावित अन्य नुकसान या हताहतों के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी नहीं दी।

इजराइली सेना ने हमले को सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम बताया है, जबकि गाजा में किसी भी सैन्य कार्रवाई के बीच नागरिकों की सुरक्षा और मानवीय स्थिति को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। फिलहाल हमास की ओर से इस हमले और इजराइली सेना के दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

एक सप्ताह के विराम के बाद दूसरी कार्रवाई

गाजा में इस सप्ताह यह दूसरा इजराइली हवाई हमला बताया गया है। इससे पहले करीब एक सप्ताह तक इजराइली हवाई हमलों में विराम रहा था। यह विराम ऐसे समय आया था जब हमास के निरस्त्रीकरण और गाजा से इजराइली सेना की चरणबद्ध वापसी को लेकर अमेरिका समर्थित रोडमैप पर चर्चा चल रही थी। प्रस्तावित रोडमैप का उद्देश्य गाजा में जारी संघर्ष को कम करना और आगे की सुरक्षा एवं शासन व्यवस्था के लिए रास्ता तैयार करना है। हालांकि, ताजा सैन्य कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ने की आशंका है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags