होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का बड़ा दावा- ‘हमारी अनुमति के बिना कोई जहाज सुरक्षित नहीं गुजर सकता’

13 Aug 2026 23:53:53
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का बड़ा दावा- ‘हमारी अनुमति के बिना कोई जहाज सुरक्षित नहीं गुजर सकता’


तेहरान, 13 अगस्त (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। ईरान के मुख्य सैन्य कमान खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर्स ने गुरुवार को दावा किया कि ईरान की अनुमति और निगरानी के बिना कोई भी वाणिज्यिक जहाज या तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से नहीं गुजर सकता।

ईरानी सरकारी मीडिया आईआरआईबी के मुताबिक, सैन्य कमान के प्रवक्ता ने अमेरिका के उस दावे को खारिज किया जिसमें कहा गया था कि जहाज सामान्य रूप से इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजर रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा कि होर्मुज पर पहले की तरह ईरान का पूर्ण प्रबंधन और नियंत्रण है और किसी भी वाणिज्यिक जहाज को ईरानी सशस्त्र बलों की अनुमति और निगरानी के बिना सुरक्षित मार्ग नहीं मिल सकता।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी अमेरिका की रणनीति पर सवाल उठाया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि खुफिया सूचनाओं की विफलता के कारण अमेरिका ने ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर गलत आकलन किया है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी अमेरिका के आकलन को बड़ी भूल बताया।

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को दावा किया कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर “पूरा नियंत्रण” है और वह इसे बनाए रखने का इरादा रखता है। ट्रंप ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को “स्टील की दीवार” बताते हुए कहा कि ईरान इसे चुनौती देने की स्थिति में नहीं है।

वहीं, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा कि अमेरिकी सेना के पास ईरान की नौसैनिक घेराबंदी को अनिश्चित काल तक बनाए रखने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं। उन्होंने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर इस इलाके में जहाजों को बदला जा सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0