पाकिस्तान मूल के सोशल मीडिया खातों से संपर्क का आरोप, कर्नाटक के कलबुर्गी में युवक गिरफ्तार

13 Aug 2026 20:54:53
पाकिस्तानी सोशल मीडिया से संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार युवक की तस्वीर।


कलबुर्गी, 13 अगस्त (हि.स.)। देशविरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में उत्तर प्रदेश निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद समीर को कलबुर्गी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त डॉ. शरणप्पा ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि समीर सोशल मीडिया पर देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े कुछ खातों के लगातार संपर्क में था। पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी के दौरान मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपित के संपर्क में रहे कुछ सोशल मीडिया खातों को पाकिस्तान में बैठे लोगों द्वारा संचालित किए जाने का संदेह है। पुलिस ने समीर का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस संबंध में कलबुर्गी विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि समीर के साथ एक अन्य व्यक्ति की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई थी, लेकिन उसके खिलाफ फिलहाल कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। मामला संवेदनशील होने के कारण जांच पूरी होने तक अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0