राज्यसभा में 'शुद्धिकरण' विवाद: नड्डा बोले- मामले की होगी जांच, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

13 Aug 2026 13:01:53
राज्य सभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)।

राज्यसभा में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष के संबोधन के बाद कथित 'शुद्धिकरण' किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने इसे छुआछूत की घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।

खरगे ने कहा कि 8 अगस्त को उनकी रैली के बाद मैदान का 'शुद्धिकरण' कराया गया, जो छुआछूत जैसी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में भाजपा की भूमिका है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

इस पर सदन के नेता जे.पी. नड्डा ने कहा कि भाजपा ऐसी किसी भी गतिविधि का समर्थन नहीं करती। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस मामले को गंभीरता से लेंगे। नड्डा ने कहा, जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की।

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि छुआछूत किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, हम सभी इस घटना की निंदा करते हैं। हम सभी समान हैं और किसी के शुद्धिकरण की आवश्यकता नहीं है। सरकार इस मामले की जांच कराए और दोषियों को सजा मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0