वित्त मंत्री ने लॉन्च किए कई डिजिटल प्रोजेक्ट, युवाओं-स्टार्टअप्स उद्यमियों से किया संवाद

युगवार्ता    13-Aug-2026
Total Views |
जयपुर में युवा कॉन्क्लेव 2026 के दौरान स्टार्टअप्स उद्यमियों से संवाद करते सीतारमण


जयपुर में युवा कॉन्क्लेव 2026 के दौरान स्टार्टअप्स उद्यमियों से संवाद करते सीतारमण


- सीतारमण ने युवा कॉन्क्लेव के दौरान एक इंटरैक्टिव सेशन में लिया हिस्सा

नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में 'राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट-2026' का शुभारंभ किया और कई डिजिटल परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण इंटरैक्टिव सेशन में स्टार्टअप्स, युवा उद्यमियों और नवाचार से जुड़े युवाओं से सीधा संवाद किया।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अलग-अलग स्टार्टअप और अपना बिजनेस चलाने वाले उन उद्यमियों से बातचीत की, जिन्हें भारत सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद थे। इससे पहले सीतारमण ने जयपुर में हर घर तिरंगा अभियान में हिस्सा लिया और 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले नागरिकों के साथ तिरंगा साझा किया। इस मौके पर राजस्थान की उप-मुख्यमंत्री दीया कुमारी और विधायक डॉ. गोपाल शर्मा भी मौजूद थे।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जयपुर के एक स्थानीय चाय स्टॉल पर चाय की चुस्की ली। इस दौरान उन्होंने यूपीआई के जरिए भुगतान किया और चाय स्टॉल के मालिक एवं कर्मचारियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। गौरतलब है कि वित्त मंत्री राजस्थान के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags