कनाडियन ओपन : स्वियातेक ने स्वितोलिना को हराया, सत्र के पहले फाइनल में राइबाकिना से भिड़ेंगी

13 Aug 2026 17:37:57
इगा स्वियातेक


टोरंटो, 13 अगस्त (हि.स.)। इगा स्वियातेक ने शानदार वापसी करते हुए यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-3, 1-6, 6-3 से हराकर कनाडियन ओपन 2026 के फाइनल में जगह बना ली। यह इस सत्र में स्वियातेक का पहला फाइनल होगा। फाइनल में उनका सामना कजाखस्तान की एलेना राइबाकिना से होगा।

बारिश के कारण विलंबित मुकाबले में पूर्व विश्व नंबर एक स्वियातेक ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया। हालांकि, स्वितोलिना ने दूसरे सेट में जोरदार वापसी की और स्वियातेक की दो बार सर्विस तोड़ते हुए सेट 6-1 से जीत लिया। निर्णायक सेट में स्वितोलिना ने 3-2 की बढ़त के साथ स्वियातेक पर दबाव बना दिया था, लेकिन पोलैंड की स्टार खिलाड़ी ने शानदार संयम दिखाया। स्वियातेक ने इसके बाद लगातार चार गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जीत के बाद स्वियातेक ने कहा, “दूसरे सेट के बाद मुझे पता था कि अपनी लय और अपने खेल को वापस हासिल करने के लिए मुझे हर संभव प्रयास करना होगा। मैच के दौरान ऐसा करना आसान नहीं होता—शांत रहना, संयम बनाए रखना और अपनी रणनीति पर कायम रहना। मैं खुश हूं कि तीसरे सेट में मैंने ऐसा किया और आखिरकार इसका फायदा मिला। मुझे खुद पर कभी संदेह नहीं हुआ।”

स्वियातेक के लिए यह सत्र अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वह इस साल किसी ग्रैंड स्लैम में क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी हैं। मियामी ओपन में हमवतन माग्दा लिनेट से दूसरे दौर में मिली अप्रत्याशित हार के बाद उन्होंने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करते हुए विम फिसेट की जगह फ्रांसिस्को रोइग को जिम्मेदारी सौंपी थी। विंबलडन में भी स्वियातेक को तीसरे दौर में एलेक्जेंड्रा एला के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, जहां वह गत चैंपियन के तौर पर उतरी थीं।

राइबाकिना ने गॉफ को हराया

दूसरे सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त एलेना राइबाकिना ने चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका की कोको गॉफ को 5-7, 6-2, 6-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। राइबाकिना ने एक बार फिर सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने जापान की नाओमी ओसाका को भी तीन सेट में हराया था। अब कनाडियन ओपन के खिताबी मुकाबले में स्वियातेक और राइबाकिना आमने-सामने होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0