
नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। झारखंड और उससे सटे गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल के ऊपर बने दबाव के असर से देश के विभिन्न हिस्सों में बहुत भारी बारिश का दौर जारी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह और दोपहर से शाम के समय हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दिन का अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 16 एवं 17 अगस्त को सुबह से दोपहर और शाम से रात के बीच हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुसार आज राजधानी में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान भी सामान्य रहा।
आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। यहां 15-20 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में व्यापक बारिश की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 15 अगस्त को तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15-16 अगस्त के दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में भी व्यापक बारिश के आसार हैं। 15-20 अगस्त के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में व्यापक बारिश होने की संभावना है। 15 अगस्त को छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल (गंगा के मैदानी इलाके और उप-हिमालयी क्षेत्र), झारखंड, बिहार और ओडिशा में 15-20 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है।
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 से 20 अगस्त के दौरान झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 16 से 18 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 15 से 20 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। इनमें छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार में 12-20 सेमी, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, उत्तराखंड, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और पूर्वी मध्य प्रदेश में 7-11 सेमी तक वर्षा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी