एनएचआरसी ने फरीदाबाद में जहरीली गैस से एक व्यक्ति की मौत मामले का लिया संज्ञान

14 Aug 2026 14:32:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के फरीदाबाद जिले की उस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है जहां एक कारखाने में मैनहोल की सफाई के दौरान जहरीली गैस के कारण एक व्यक्ति की मौत और दूसरा घायल हो गया था। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और फरीदाबाद पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फरीदाबाद जिले के सेक्टर-25 स्थित एक कारखाने में मैनहोल की सफाई करते समय जहरीली गैसों के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और दूसरा घायल हो गया। खबर में बताया गया है कि वे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मैनहोल में उतरे थे। आयोग ने रिपोर्ट में जांच की स्थिति, घायल व्यक्ति का स्वास्थ्य और मृतक के परिजनों को दिए गए मुआवजे का विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0