नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले के एक आश्रम स्कूल के एक छात्रावास में तीन छात्राओं के सर्प दंश से मौत की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, छात्रावास में 79 छात्राएं चारपाई न होने के कारण अपने कमरे में फर्श पर सो रही थीं। उसी दौरान एक जहरीले सांप ने छह छात्राओं को डस लिया। इनमें से तीन छात्राओं की मौत हो गयी जबकि तीन का एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
खबरों के अनुसार पिछले 25 वर्षों से चल रहे इस छात्रावास में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। जिले में हर साल सर्प दंश के कई मामले सामने आते हैं।
आयोग ने रिपोर्ट में घायल छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी शामिल करने का निर्देश दिया है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी