रिलायंस और रोल्स रॉयस ने भारत में स्वदेशी एएमसीए फाइटर जेट इंजन बनाने के लिए मिलाया हाथ

14 Aug 2026 20:05:53
एएमसीए  इंजन के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। भारत में ही अब पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) का इंजन बनेगा। इसके लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और रॉल्स-रॉयस ने हाथ मिलाते हुए साझेदारी की घोषणा की है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) और रोल्स-रॉयस ने शुक्रवार को बताया कि अत्याधुनिक मध्यम लड़ाकू विमान कार्यक्रम के लिए संयुक्त रूप से एक लड़ाकू इंजन विकसित करने का उनका इरादा है। यह भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की कंपनी और ब्रिटेन की प्रसिद्ध विमान इंजन निर्माता कंपनी द्वारा देश में स्वदेशी लड़ाकू-जेट प्रणोदन क्षमता विकसित करने का एक प्रयास है।

दोनों कंपनियों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि वे भारत में एक समर्पित एयरोस्पेस गैस टर्बाइन कॉम्प्लेक्स बनाने की संभावना तलाशेंगी। इस साझेदारी के तहत रिलायंस इंडस्ट्रीज और रोल्स-रॉयस एक समर्पित एयरोस्पेस गैस टरबाइन कॉम्प्लेक्स बनाने की संभावनाओं पर काम करेंगे, जिसमें लड़ाकू इंजनों के डिजाइन, विकास, विनिर्माण, परीक्षण, उत्पादन और आजीवन सहयोग शामिल है। बयान के मुताबिक इस साझेदारी के तहत, रिलायंस और रोल्स-रॉयस एक समर्पित एयरोस्पेस गैस टरबाइन कॉम्प्लेक्स बनाने की संभावनाओं पर काम करेंगे, जो भारत में पावर और प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी के लिए एक सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) होगा।

यह साझेदारी भारत में एएमसीए इंजन के संयुक्त विकास के लिए एक बेहतरीन प्रस्ताव पेश करेगी, जिसमें दुनिया की अग्रणी टेक्नोलॉजी और औद्योगिक निष्पादन क्षमताएं एक साथ आएंगी। यह भारत के रक्षा इकोसिस्टम के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस विजन को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है, जिसमें देश के फाइटर जेट प्रोग्राम को पावर देने के लिए एक स्वदेशी इंजन तैयार करना शामिल है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा कि इस साझेदारी का मकसद भारत में एडवांस्ड एयरो इंजन टेक्नोलॉजी से जुड़ा घरेलू इकोसिस्टम तैयार करना है।

रोल्स रॉयस पीएलसी के सीईओ तुफान एर्गिनबिल्गिच ने कहा कि यह सहयोग कंपनी की इंजीनियरिंग विरासत और इंजन क्षमताओं को भारत में रिलायंस की औद्योगिक मौजूदगी के साथ जोड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0