शेल्टन ने लगातार दूसरी बार जीता कनाडियन ओपन, नकाशिमा को हराकर रचा इतिहास

14 Aug 2026 10:43:53
अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन


मॉन्ट्रियल, 14 अगस्त (हि.स.)।अमेरिका के बेन शेल्टन ने गुरुवार रात हमवतन ब्रैंडन नकाशिमा को 6-3, 7-6(4) से हराकर लगातार दूसरी बार कनाडियन ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। शेल्टन का यह दूसरा मास्टर्स 1000 खिताब और करियर का सातवां एटीपी खिताब है।

दो अमेरिकी खिलाड़ियों के बीच हुआ यह फाइनल मास्टर्स 1000 स्तर पर 2003 में सिनसिनाटी में एंडी रोडिक और मार्डी फिश के बीच हुए फाइनल के बाद पहला ऑल-अमेरिकन फाइनल था। यह जीत अमेरिकी पुरुष टेनिस के लिए भी उत्साहजनक संकेत है, क्योंकि यूएस ओपन में 2003 में रोडिक की जीत के बाद से कोई अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी एकल खिताब नहीं जीत सका है।

खराब दौर के बाद शेल्टन की शानदार वापसी

शेल्टन कनाडा पहुंचने से पहले खराब दौर से गुजर रहे थे। वह विंबलडन में पहले दौर में ही बाहर हो गए थे, जबकि फ्रेंच ओपन में उन्हें दूसरे दौर में हार मिली थी। सत्र के पहले चार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में वह सिर्फ एक मुकाबला जीत सके थे।

हालांकि, कनाडा की हार्ड कोर्ट पर शेल्टन ने जबरदस्त वापसी की और पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट गंवाए बिना खिताब अपने नाम किया।

शेल्टन ने कहा, “इस सप्ताह जिस तरह मैंने खेला और बिना एक भी सेट गंवाए इस ड्रॉ से आगे बढ़ा, यह उस मेहनत को दर्शाता है जो मैं कर रहा हूं। यह मेरी मानसिक मजबूती को भी दर्शाता है।”

उन्होंने कहा, “यह साल मेरे लिए आसान या सीधा नहीं रहा है। ऐसे प्रदर्शन के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर खेलना मेरे लिए बेहद खास है। मेरे पास इसे व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।”

पहले सेट में शेल्टन का दबदबा

पांचवीं वरीयता प्राप्त शेल्टन ने पहले सेट में नकाशिमा की दूसरी सर्विस को लगातार निशाना बनाया। दोनों खिलाड़ियों ने 3-3 तक अपनी सर्विस बरकरार रखी, लेकिन इसके बाद शेल्टन ने नकाशिमा की दूसरी सर्विस पर शानदार फोरहैंड रिटर्न लगाकर 4-3 की बढ़त बना ली।

इसके बाद उन्होंने नकाशिमा की कमजोर होती फोरहैंड का फायदा उठाते हुए फिर ब्रेक हासिल किया और पहला सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया।

टाईब्रेक में नकाशिमा को पछाड़ा

पहली बार मास्टर्स 1000 फाइनल खेल रहे नकाशिमा ने दूसरे सेट में वापसी की कोशिश की और शेल्टन को टाईब्रेक तक ले गए। हालांकि, शेल्टन ने टाईब्रेक में शुरुआत में ही मिनी ब्रेक हासिल कर बढ़त बना ली।

इसके बाद शानदार फोरहैंड विनर के साथ उन्होंने 7-6(4) से सेट और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ शेल्टन 2016 में नोवाक जोकोविच के बाद कनाडियन ओपन का खिताब बिना एक भी सेट गंवाए जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने। साथ ही वह 2019 में राफेल नडाल के बाद कनाडियन ओपन खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0