दबाव में कारोबार के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1.97 लाख करोड़ की चपत

14 Aug 2026 17:28:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन दबाव में कारोबार करने के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। दोपहर दो बजे तक बाजार पर लगातार दबाव बना रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक निचले स्तर से काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहे। हालांकि निगेटिव सेंटिमेंट्स की वजह से सेंसेक्स रिकवरी करने के बावजूद हरे निशान में जगह बना पाने में सफल नहीं हो सका। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 176.53 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,903.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 395.59 अंक यानी 0.51 प्रतिशत टूट कर 77,684.37 अंक के स्तर तक गिर गया।

दोपहर 1:30 बजे के करीब खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से अगले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 364.54 अंक की रिकवरी कर 78,048.91 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे फिसल कर 70.71 अंक की कमजोरी के साथ 78,009.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 33.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत फिसल कर 24,361.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवालों ने दबाव बना दिया, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिरता चला गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण निफ्टी 99.05 अंक यानी 0.41 प्रतिशत लुढ़क कर 24,296.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 108.40 अंक सुधर कर 9.35 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ हरे निशान में 24,405.20 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि इस सूचकांक की यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद ही बाजार में एकबार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 40 अंक फिसल कर 29.85 अंक की गिरावट के साथ 24,366 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्युरेबल्स और मीडिया सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। इसके अलावा कैपिटल गुड्स और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, एनर्जी और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। इसके अलावा आईटी, मेटल, फार्मास्यूटिकल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और रियल्टी इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग दो लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 492.17 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 494.14 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.97 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,038 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,260 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 1,778 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर बढ़त के साथ, 23 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल 3.73 प्रतिशत, भारती एयरटेल 2.73 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 2.53 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.37 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) 4.32 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 2.56 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.15 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.60 प्रतिशत और ओएनजीसी 1.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0